उत्तरकाशी।प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल यमुनाघाटी कार्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सुनील थपलियाल को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी जिम्मेदारी पर जोरदार सम्मान किया गया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष कबूल सिंह पंवार ने अपनी जिला कार्यकारिणी तथा यमुनाघाटी के विभिन्न कस्बों और नगरों के अध्यक्षों व महामंत्रियों की मौजूदगी में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
हाल ही में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ (आईएफडब्ल्यूजे) की अनुशासन समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर श्री थपलियाल को फूलमालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र रावत ने किया। उन्होंने कहा कि श्री थपलियाल की यह उपलब्धि न केवल पत्रकारिता जगत बल्कि पूरे यमुनाघाटी क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री थपलियाल को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि सुनील थपलियाल का यह चयन उनकी वर्षों की निष्ठा, निष्पक्षता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण का परिणाम है, जिससे क्षेत्र का मान-सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।

