नौगॉव/बड़कोट। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में धन्वंतरि पब्लिक स्कूल, नौगॉव में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कानून, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं सिविल जज योगीश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कोतवाली बड़कोट के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुभाष चंद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में डायट बड़कोट के प्रवक्ता बी.के. मिश्रा तथा पीएलवी सुनील थपलियाल ने बच्चों को विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने छात्रों को विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, मुफ्त कानूनी सहायता, साइबर क्राइम से बचाव, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानून, तथा गुड टच–बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। इसके साथ ही महात्मा गांधी के जीवन, अहिंसा के सिद्धांत और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि सिविल जज योगीश गुप्ता ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही कानून और अपने अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे समाज में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने छात्रों को किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रसीता राजन द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रबंधक युद्धवीर सिंह तोमर, किरन तोमर,सम्पन्न सिंह,लक्ष्मीधर ओझा,दुर्गेश ओझा सहित दर्जनों छात्रों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रकार महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित यह विधिक साक्षरता शिविर छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी साबित हुआ।

