बड़़कोट।यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर फूलचट्टी के पास सड़क धंसाव का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी धंसाव के चलते कई श्रद्धालुओं के वाहन फँस गए और कुछ को क्षति भी पहुँची। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मशीनें मौके पर पहुँचीं और दोपहर तक मार्ग को सुचारू कर दिया गया। यह जानकारी एनएच अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फूलचट्टी में सड़क धंसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हर बार एनएच विभाग की ओर से मलबा डालकर रास्ता तो खोल दिया जाता है, लेकिन धंसाव की समस्या जस की तस बनी रहती है।
ग्रामीण प्यारे लाल उनियाल, विवेक, अनिरुद्ध सिंह और रणवीर सिंह ने कहा कि लगातार धंसाव से न केवल स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि यमुनोत्री धाम की ओर आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि जैसे ही सड़क धंसाव की सूचना मिली, विभाग ने तत्काल मशीनरी लगाकर कार्य शुरू किया और दोपहर तक मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया। फिलहाल आवागमन सुचारू है।

