देहरादून।
श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के लिए तीन महीने का नि:शुल्क कंप्यूटर कोर्स प्रारंभ किया गया है।प्राचार्य प्रो.के.एल.तलवाड़ ने शुक्रवार को कोर्स का शुभारंभ करते हुए बताया कि महाविद्यालय के कैरियर काउंसलिंग सेल के तत्वावधान में जीरो पीरियड में यह कोर्स संचालित होगा जिससे मुख्य विषयों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। रूसा के नोडल अधिकारी डा.अरविंद वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय को प्राप्त रूसा फेज एक की ग्रांट से अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है,जिसमें माडर्न फर्नीचर सहित 24 कंप्यूटर उपलब्ध हैं। 4 जी नेट कनेक्टिविटी वाली इस कंप्यूटर लैब का लोकार्पण उच्च शिक्षा मंत्री विगत वर्ष 20 अक्टूबर को कर चुके हैं। मास्टर ट्रेनर असिस्टेंट प्रोफेसर डा.जितेंद्र दिवाकर ने बताया कि इस बेसिक कोर्स की अवधि तीन माह रखी गई है,जिसके अंतर्गत माइक्रो सॉफ्ट ऑफिस व पी.पी.टी.बनाया सिखाया जायेगा। इंटरनेट के उपयोग की समुचित जानकारी भी विद्यार्थियों को दी जायेगी।वर्तमान में 24-24 विद्यार्थियों के दो बैच बनाये गये हैं, जिसमें 42 छात्राओं और 6 छात्रों को पंजीकृत किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण करने पर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी दिया जायेगा। अभिभावकों ने महाविद्यालय की इस सराहनीय पहल का स्वागत किया है।
टीम यमुनोत्री Express

