उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा से बीजेपी के संभावित प्रबल दावेदार लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने पिछले सप्ताह दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख श्री अनिल बलूनी सहित तमाम नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने के बाद आज 5 नवंबर को देहरादून में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर अपनी दावेदारी विधिवत प्रस्तुत की।
इससे पहले बीजेपी नेता ने उत्तराखंड के सबसे लोकप्रिय नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर आशीर्वाद लिया।
अपने सघन अभियान में जुटे बीजेपी नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड बीजेपी के महामंत्री श्री कुंदन परिहार, महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज, उत्तरकाशी जिले के प्रभारी श्री नवीन ठाकुर से मुलाकात कर विधिवत अपना आवेदन और जीवन वृत्त सौंपा। साथ ही अपने द्वारा गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए किए गए सामाजिक कार्यों, विकास कार्यों की सूची सौंपकर आने वाले समय में गंगोत्री विधानसभा के विकास के लिए अपना रोड मैप प्रस्तुत किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2027 में फरवरी में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं। गंगोत्री विधानसभा से बीजेपी के प्रबल दावेदार लोकेंद्र सिंह बिष्ट अपने पक्ष में माहौल बना रहे हैं। पेशे से पत्रकार रहे लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने 4 नवंबर को उत्तराखंड के कद्दावर नेता श्री भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर आशीर्वाद लिया था।
बीजेपी नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उनकी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट से सकारात्मक चर्चा हुई है। खासकर गंगोत्री विधानसभा को लेकर बिष्ट ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपना पक्ष रखा। लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्होंने गंगोत्री विधानसभा के समुचित विकास के संकल्प को लेकर एक रोड मैप के साथ अपनी बात रखी और अपने द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों से अवगत कराया। इस मुलाकात के दौरान गंगोत्री विधानसभा के विकास और आगामी चुनाव को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

