नौगांव। नगर पंचायत के अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों में ब्रांड एंबेसडर स्वतंत्री बधानी की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया और उसके बाद नगर पंचायत कार्यालय में झंडारोहण के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
पीएम मोदी के जन्मदिन से चल रहे स्वच्छता पखवाड़े का आज विधिवत समापन कर दिया गया। इस अवसर पर दौलतराम रंवाल्टा सरस्वती विद्या मंदिर में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
नगर पंचायत कार्यालय में हुए कार्यक्रम में नगर पंचायत की तरफ से उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया जिसमें तीलू रौतेली पुरस्कार और स्वच्छता मिशन की ब्रांड एंबेसडर स्वतंत्री बधानी को सम्मानित किया। इसके अलावा चित्रकला में जूनियर वर्ग से प्रथम नितिन मिशवाण, द्वितीय प्रिया रावत, तृतीय सृष्टि और सीनियर वर्ग से प्रथम हिमानी राणा, द्वितीय आकाश बर्तवाल, तृतीय वैभवी परमार सहित सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इसके बाद नगर पंचायत परिसर में स्वतंत्री बधानी ने स्वच्छता की शपथ दिलाई। स्वच्छता मिशन की ब्रांड एंबेसडर स्वतंत्री बधानी ने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन से स्वच्छता पखवाड़े का अभियान चलाया जा रहा है जो आज नगर पंचायत के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव और विभिन्न वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाकर जिसका समापन हुआ।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी शिवानी रावत, प्रधानाचार्य रमेश चंद्र, सभी वार्डों के सभासद और पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।

