Hindi news (हिंदी समाचार) , watch live tv coverages, Latest Khabar, Breaking news in Hindi of India, World, Sports, business, film and Entertainment.
उत्तरकाशी बड़ी खबर राज्य उत्तराखंड

राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में दीक्षारंभ नवप्रवेशित कार्यक्रम सत्र का हुआ शुभारंभ…. पढ़ें खबर।

 

 

 

 

 

बड़कोट।राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत, मार्गदर्शन एवं उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम सत्र 2026-27 का आयोजन उत्साह, गरिमा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री विनोद डोभाल, अध्यक्ष, नगर पालिका बड़कोट उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती शोभना थापा, प्राधानाचार्य, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज; इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र, थाना प्रभारी, बड़कोट; सब-इंस्पेक्टर गजराज सिंह, एन.डी.आर.एफ.; श्रीमती शमा बानो, प्रवक्ता, गृह विज्ञान; श्री विकास कुमार, एन.डी.आर.एफ.; श्री मनमोहन सिंह, पूर्व महासचिव, डी.ए.वी. कॉलेज और पूर्व छात्र सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का तथा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का बैज अलंकरण कर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

अतिथि सम्मान एवं दीप प्रज्वलन के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विनोद डोभाल ने महाविद्यालय की गौरवशाली विरासत एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने एवं महाविद्यालय की गरिमा को बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने महाविद्यालय के विकास एवं उन्नति के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि श्रीमती शोभना थापा, प्रधानाचार्य , राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षकों से अपनी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का निःसंकोच समाधान प्राप्त करने तथा निरंतर मार्गदर्शन लेते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

 

इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए सुभाष चंद्र, थाना प्रभारी बड़कोट ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने वास्तविक घटनाओं के माध्यम से समझाया कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग में छोटी-सी लापरवाही भी भविष्य में गंभीर कानूनी परिणाम उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन गतिविधियों में सजगता एवं जिम्मेदारी बरतने का आह्वान किया।

 

इसके उपरांत SI गजराज सिंह, एन.डी.आर.एफ. ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए आपदा प्रबंधन, भवन सुरक्षा एवं सुरक्षित निकासी के उपायों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने आपदा की स्थिति में आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित व्यवहार के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने भविष्य में विद्यार्थियों के लिए एन.डी.आर.एफ. के सहयोग से आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात भी कही।

 

अतिथियों के प्रेरणादायी एवं उपयोगी संबोधनों के पश्चात महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से परिचित कराया गया। डॉ. रश्मि उनियाल, नोडल NEP द्वारा महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों, विषयों, क्रेडिट व्यवस्था एवं संबंधित नियम-विनियमों की जानकारी प्रदान की गई। डॉ. दिनेश शाह, खेल समन्वयक द्वारा छात्रवृत्ति एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। श्री विनय शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों—NCC, NSS, SVEEP, Red Cross तथा Rovers & Rangers—से परिचित कराया गया। डॉ. बी.एल. थपलियाल द्वारा समर्थ पोर्टल से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जबकि डॉ. जगदीश चंद्र रस्तोगी द्वारा परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए।

 

कार्यक्रम को रोचक, संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। डॉ. प्रश्ना मिश्रा, डॉ. लीलावती नितवाल, डॉ. पूजा रावत एवं श्रीमती सिमरन के संयोजन में विद्यार्थियों के लिए Creative Introduction एवं दमशराज तथा शिक्षकों के लिए Cup-Balloon Challenge आयोजित किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा कार्यक्रम को जीवंत एवं आनंदमय बनाया।

 

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य एवं गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं उमंग का वातावरण उत्पन्न किया। कार्यक्रम के दौरान प्रथम वर्ष के दो विद्यार्थियों प्रतिभा एवं आकाश को उनकी सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह के लिए “Star of the Event” के रूप में सराहा गया।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अंजू भट्ट ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें महाविद्यालय में अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं सक्रिय सहभागिता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन द्वितीय वर्ष की छात्रा आरती एवं छात्र मंगलेश शाह द्वारा उत्साह, आत्मविश्वास एवं प्रभावी ढंग से किया गया। तत्पश्चात सभी छात्र-छात्राओं को जलपान वितरित किया गया। इसी के साथ नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत, मार्गदर्शन एवं सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम सत्र 2026-27 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Related posts

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सुनी आपदा से प्रभावित क्षेत्र वासियों की समस्याएं

admin

कोरोना पर राजनैतिक रोटियां सेक रही कांग्रेस : दुष्यंत

admin

उपलब्धि।महावीर रवांल्टा को मिलेगा ‘बलदेव मल्ल सम्मान-2025’…. पढ़ें खबर।

Arvind Thapliyal

You cannot copy content of this page